नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। डांडिया की खनक, गुजराती गरबा की थाप और श्रीकृष्ण-राधा के भक्ति गीतों की मधुर धुनों के बीच झालावाड़ रोड स्थित पाम पैसिफिक होटल एंड रिसॉर्ट में दो दिवसीय वृंदावन रास महोत्सव आयोजित हुआ। सर्वप्रथम ग्रुप की ओर से पहली बार आयोजित इस महोत्सव में भक्ति, धर्म, संस्कृति और संगीत का संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों में सजे प्रतिभागियों ने गरबा और डांडिया के माध्यम से उत्साह और उमंग का माहौल बनाया।
कार्यक्रम में राजस्थान रेड क्रॉस सोसाइटी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां दुर्गा की आरती की। बिरला ने कहा कि वृंदावन रास महोत्सव जैसे आयोजन धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक एकता को मजबूत करने का माध्यम हैं। ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और लोगों को अपनी परंपराओं से जुड़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने कामना की कि भारतीय संस्कृति, धार्मिक सद्भाव और सामाजिक समरसता को समर्पित आयोजन निरंतर होते रहें तथा कोटा की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयां मिलें।
अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि होटल-रिसॉर्ट में पहली बार इतने भव्य और व्यवस्थित रूप से डांडिया का आयोजन होना सराहनीय है। आज की जीवनशैली में परिवारों और समाज के लोगों को साथ जोड़ने, बच्चों को परंपराओं से परिचित कराने और युवाओं में भारतीय संस्कृति के प्रति गौरव जगाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता पंकज मेहता ने कहा कि पारंपरिक वेशभूषा में गरबा और डांडिया करना मां दुर्गा के प्रति आस्था की अभिव्यक्ति है। जब नई पीढ़ी पारंपरिक परिधानों में लोकनृत्य और भक्ति गीतों से जुड़ती है, तो सांस्कृतिक विरासत अगली पीढ़ी तक पहुंचती है।
महोत्सव की विशेषता रही कि आयोजकों ने प्रवेश केवल युगल यानी पेयर्स को दिया। दो दिनों तक प्रतिभागियों ने उत्साह के साथ गरबा और डांडिया किया। पूरे आयोजन स्थल पर भक्तिमय वातावरण बना रहा। सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए बाउंसर तैनात किए गए तथा पुलिस का सहयोग भी लिया गया।
आयोजन की रूपरेखा तैयार करने में ज्योति वर्मा और सोनिया गोयल का विशेष योगदान रहा। कौशल राजकिशोर, बनवारी मीणा और महिमा श्रीवास्तव ने मंच संचालन किया। सुवालका एंड सुवालका की ओर से इलेक्ट्रिक कारों के मॉडल भी प्रदर्शित किए गए और लोगों को उनके बारे में जानकारी दी गई।
होटल पाम पैसिफिक के निदेशक प्रतीक गोयल ने बताया कि वृंदावन रास महोत्सव को पारिवारिक स्वरूप देने का उद्देश्य शहरवासियों को मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं से जोड़ना है। परमानंद गोयल ने कहा कि डांडिया रास महोत्सव भारतीय संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का प्रयास है। के.के. शर्मा ‘कमल’ ने कहा कि ऐसे उत्सव युवाओं को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ते हैं।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम ग्रुप के निदेशक एवं आयोजक विशाल वर्मा, वेन्यू पार्टनर पाम पैसिफिक होटल एंड रिसॉर्ट के निदेशक प्रतीक गोयल, सहयोगी एवं प्रायोजक होटल रीजेंटा ब्लू के अनिल वर्मा एवं विशाल वर्मा, शुभ मंगलम ग्रुप के ईश्वर सैनी, ओम शिव शक्ति सोलर के सोमेश भालिया, धूलीलाल गजानंद सराफ, सुवालका मोटर्स के नीरज सुवालका, सुवालका रिसॉर्ट के युवराज सुवालका और लेनाया डिजाइनर की रक्षा वर्मा सहित अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
दो दिवसीय महोत्सव में परिवारों, युवाओं और बच्चों ने उत्साह से भाग लिया। आयोजन के अंत में आयोजकों ने अतिथियों, सहयोगियों और शहरवासियों का आभार व्यक्त किया।
