कोटा। नगर निगम चुनाव के वार्ड नंबर 51 में फर्जी मतदान के आरोपों को लेकर विवाद खड़ा हो गया। आक्रोशित वार्डवासियों ने कांग्रेस प्रत्याशी के एक समर्थक पर मतदान केंद्र में संदिग्ध तरीके से प्रवेश कर मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने का आरोप लगाया। घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग आरकेपुरम थाने पहुंचे और थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि संबंधित व्यक्ति मतदान केंद्र के भीतर ऐसे तरीके से पहुंचा, जिससे निष्पक्ष मतदान को लेकर संदेह पैदा हुआ। लोगों ने मौके पर तैनात कुछ पुलिसकर्मियों पर भी कथित मिलीभगत के आरोप लगाए और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की।
विवाद की सूचना मिलने पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद लोगों से मामले की जानकारी ली। इस दौरान थाने के बाहर काफी देर तक गहमागहमी का माहौल रहा।
पुलिस ने मामले में कुछ संदिग्ध लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पूरे घटनाक्रम और लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मतदान प्रक्रिया में किसी प्रकार की गड़बड़ी हुई या नहीं।
फिलहाल पुलिस ने किसी भी आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।
