कोटा। वार्ड नंबर 87 की मतगणना के दौरान ईवीएम में तकनीकी गड़बड़ी के चलते मशीन सील किए जाने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी और उनके समर्थकों ने मतगणना स्थल के बाहर धरना शुरू कर दिया। कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी शर्मा के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं ने नारेबाजी करते हुए आक्रोश जताया तथा वार्ड का परिणाम जल्द से जल्द घोषित करने की मांग की।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना है कि ईवीएम में गड़बड़ी सामने आने के बाद मशीन को सील कर दिया गया है। उनका कहना है कि सुरक्षा और पारदर्शिता के दृष्टिकोण से प्रत्याशी के दो समर्थकों को मशीन के साथ निगरानी के लिए रखने की अनुमति दी जानी चाहिए या फिर आज ही वार्ड 87 का परिणाम घोषित किया जाए।
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मतगणना प्रक्रिया को लेकर धांधली की आशंका भी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक वार्ड 87 का परिणाम घोषित नहीं किया जाता, तब तक धरना जारी रखा जाएगा।
धरना प्रदर्शन को देखते हुए मतगणना स्थल के बाहर पुलिस का भारी जाब्ता तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
कांग्रेस प्रत्याशी लक्ष्मी शर्मा ने मतगणना प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए संबंधित अधिकारियों से जल्द निर्णय लेने की अपील की। वहीं महिला कांग्रेस की शालिनी गौतम ने भी कार्यकर्ताओं की मांगों का समर्थन करते हुए परिणाम जल्द जारी करने की बात कही।
फिलहाल वार्ड 87 का परिणाम ईवीएम से जुड़ी तकनीकी प्रक्रिया के कारण लंबित है। कांग्रेस के धरने के बाद इस मामले को लेकर राजनीतिक माहौल और गरमा गया है।
