नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। वन विभाग की ओर से आयोजित वन्य जीव सप्ताह का समापन समारोह नयापुरा स्थित सियाम ऑडिटोरियम में हुआ। समारोह में वन्य जीवों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। इस अवसर पर फोटो एवं चित्र प्रदर्शनी लगाई गई, जिसके माध्यम से वन्य जीवों के महत्व और उनके संरक्षण की आवश्यकता को दर्शाया गया।
समारोह में पर्यावरण को सुरक्षित रखने और वन्य जीवों के संरक्षण के लिए सामूहिक संकल्प लिया गया। वन्य जीव सप्ताह के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, वन्य जीव प्रेमियों तथा पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले वन विभाग के कर्मचारियों को प्रतीक चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में जिला कलेक्टर पीयूष समारिया और पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम सहित अन्य लोग मौजूद रहे। समारोह के माध्यम से वन्य जीवों की सुरक्षा, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया।
