कोटा। वन्यजीव सप्ताह के तहत रविवार को वन विभाग की ओर से जागरूकता और जनभागीदारी से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। सुबह उप वन संरक्षक, वन्यजीव कोटा कार्यालय से किशोर सागर तालाब होते हुए आर्ट गैलरी तक श्रमदान कार्यक्रम हुआ। कोटा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे। वन्यजीव प्रेमियों ने श्रमदान में भाग लेकर स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
आर्ट गैलरी में आशुभाषण और पोस्टर प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेकर वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जागरूकता को अपनी प्रस्तुतियों और रचनात्मक पोस्टरों के माध्यम से सामने रखा।
इधर, मुकुंदरा राष्ट्रीय उद्यान के दर्रा अभयारण्य क्षेत्र में विद्यार्थियों और वन्यजीव प्रेमियों के लिए भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। टाइगर सफारी विभाग की ओर से करीब 150 प्रतिभागियों को वन्यजीव क्षेत्र का भ्रमण कराया गया। इस दौरान प्रतिभागियों को वन्यजीवों, उनके प्राकृतिक आवास और संरक्षण के महत्व की जानकारी दी गई। वन्यजीव सप्ताह के कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आमजन को वन्यजीव संरक्षण से जोड़ना रहा।
