कोटा। शहर में रास्ता पूछने के बहाने महिला से जेवर ठगने का मामला सामने आया है। आरोप है कि युवक और युवती ने पहले महिला से भोपाल जाने का रास्ता पूछा और बातचीत के दौरान उसे कथित तौर पर कुछ सुंघा दिया। इसके बाद महिला के करीब 2 लाख रुपए कीमत के जेवर लेकर दोनों फरार हो गए। मामला महावीर नगर थाना क्षेत्र का है।
संतोषी नगर निवासी बद्री बाई पत्नी रमेश कुमार सैन टीचर्स कॉलोनी से बच्चों की मालिश करके अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक युवक और युवती उनके पास पहुंचे और भोपाल जाने का रास्ता पूछा।
महिला के मुताबिक, दोनों से बातचीत के दौरान उन्हें कुछ सुंघाया गया। इसके बाद उनकी हालत ऐसी हो गई कि उन्हें आसपास की ज्यादा जानकारी नहीं रही। कुछ देर बाद जब उन्हें होश आया तो उनके गले से मंगलसूत्र, पैरों की पायल और कानों की झुमकियां गायब थीं।
बद्री बाई ने बताया कि चोरी हुए जेवरों की कुल कीमत करीब 2 लाख रुपए है। घटना के बाद उन्होंने महावीर नगर थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई।
रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि युवक और युवती की पहचान की जा सके। पुलिस घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच कर रही है।
