कोटा। राजस्थान फार्मासिस्ट कर्मचारी संघ (एकीकृत), जिला शाखा कोटा की ओर से विश्व फार्मासिस्ट दिवस जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में सेवा पर्व के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर रोगी सेवा, स्वास्थ्य जागरूकता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
एमबीएस अस्पताल में फार्मासिस्टों ने मरीजों को फल वितरित किए। इसके साथ ही मरीजों और उनके परिजनों को दवाइयों के सही उपयोग, निर्धारित खुराक तथा सुरक्षित सेवन को लेकर जागरूक किया गया। फार्मासिस्टों ने दवाइयों का सेवन चिकित्सकीय सलाह के अनुसार करने और निर्धारित खुराक का पालन करने की जानकारी दी।
इसी क्रम में न्यू मेडिकल कॉलेज परिसर में ‘हरियालो राजस्थान’ अभियान के तहत पौधारोपण किया गया। फार्मासिस्टों ने पौधारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और स्वस्थ समाज के लिए स्वच्छ एवं हरा-भरा वातावरण जरूरी बताया।
संघ के जिलाध्यक्ष डॉ. महावीर प्रसाद खींची ने बताया कि इस वर्ष विश्व फार्मासिस्ट दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए फार्मासिस्ट को सशक्त बनाना” (Empowering Pharmacists for Healthier Futures) रखी गई है। उन्होंने कहा कि फार्मासिस्ट स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। मरीजों को दवाइयों के सुरक्षित और प्रभावी उपयोग की जानकारी देने के साथ उपचार प्रक्रिया में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. मुहम्मद रफीक, डॉ. अजय आहूजा, संघ संरक्षक सुरेश मेहरा सहित लोकेश चतुर्वेदी, विनोद सोन, मुरारीलाल नागर, नरेश गर्ग, रामगोपाल सोनी, रीतेश कौशरवार, ऋतिक औदीच्य, नवनीत शर्मा, वीणा कुमारी, सरोज मीणा, पंकज नागर एवं गौरव सनाढ्य सहित कोटा जिले के विभिन्न चिकित्सा संस्थानों में कार्यरत फार्मासिस्ट एवं एमएनडीवाई स्टाफ उपस्थित रहा।
संघ की ओर से विश्व फार्मासिस्ट दिवस पर आयोजित गतिविधियों के माध्यम से रोगी सेवा, दवा सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
