नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
राष्ट्र और संस्कृति के उत्थान को समर्पित लोकमंथन यात्रा 18 अक्टूबर को बूंदी पहुंचेगी। यात्रा के स्वागत और आयोजन की तैयारियों को लेकर सामाजिक व वैचारिक संगठनों में उत्साह है। कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए आदर्श विद्या मंदिर, नैनवां रोड में बैठक आयोजित की गई।
आयोजन से जुड़े यतीन्द्र श्रृंगी ने बताया कि बूंदी आगमन पर माटुंदा रोड चौराहे पर यात्रा का स्वागत किया जाएगा। इसके बाद मातृशक्ति की अगुवाई में 51 मंगल कलशों के साथ यात्रा रवाना होकर नैनवां रोड स्थित आदर्श विद्या मंदिर पहुंचेगी। यहां प्रबुद्ध जन गोष्ठी, पारंपरिक खेल और मंचीय सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
बैठक में चिकित्सा प्रकोष्ठ, अधिवक्ता परिषद, सेवा भारती, संस्कृत भारती, विद्या भारती, एबीआरएसएम और मातृशक्ति सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल हुए। सभी ने यात्रा के स्वागत और प्रस्तावित कार्यक्रमों को सफल बनाने के लिए समन्वय के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। आयोजन के दौरान सांस्कृतिक गतिविधियों और विचार-विमर्श के माध्यम से लोगों की सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
