रामगंजमंडी। शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर की ओर से 23 सितंबर से शुरू की गई छह दिवसीय सेवा संकल्प एवं स्वच्छता अभियान पदयात्रा बुधवार को ग्राम पंचायत पीपाखेड़ी पहुंचने के साथ संपन्न हो गई। छह दिनों में पदयात्रा क्षेत्र के 42 गांवों से होकर गुजरी और करीब 90 किलोमीटर की दूरी तय की गई। इस दौरान मंत्री ने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विकास कार्यों की घोषणाएं कीं। मंत्री के अनुसार, पूरी पदयात्रा के दौरान करीब ढाई करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की गई।
अंतिम दिन 45.5 लाख के विकास कार्य घोषित
पदयात्रा के अंतिम दिन की शुरुआत खीमच गांव से हुई। यहां मेघवाल बस्ती में सार्वजनिक चौपाल परिसर में कोटा स्टोन फर्श के लिए 5 लाख रुपए, राजकीय प्राथमिक विद्यालय में टीन शेड के लिए 5 लाख रुपए और सार्वजनिक सामुदायिक भवन परिसर में इंटरलॉकिंग खरंजे के लिए 5 लाख रुपए की घोषणा की गई।
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय खीमच में पेयजल ट्यूबवेल, सिंगल फेस मोटर और 2 हजार लीटर की पानी की टंकी के लिए 2.50 लाख रुपए देने की घोषणा की गई।
अतरालिया में लक्ष्मीनारायण मंदिर से हनुमान मंदिर तक इंटरलॉकिंग खरंजे के निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की घोषणा हुई। वहीं कल्याणकुई में मुख्य सड़क से श्मशान घाट होते हुए भुवनजी के बाड़े तक इंटरलॉकिंग, सीसी सड़क एवं नाली निर्माण के लिए 12 लाख रुपए तथा मेघवाल बस्ती में इंटरलॉकिंग, सीसी सड़क और नाली निर्माण के लिए 18 लाख रुपए की घोषणा की गई।
ग्रामीणों से किया संवाद
पदयात्रा के दौरान मंत्री मदन दिलावर ने ग्रामीणों से संवाद कर स्थानीय समस्याओं और विकास संबंधी आवश्यकताओं की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और राज्य की भजनलाल शर्मा सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी भी ग्रामीणों को दी। पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए अधिकारियों को आवेदन तैयार करवाने के निर्देश दिए।
मंत्री दिलावर ने भाजपा सरकार की ओर से जनकल्याण और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए ग्रामीणों से आगामी पंचायत चुनाव में भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए भाजपा के सरपंच, पंचायत समिति प्रधान और जिला प्रमुख चुने जाने चाहिए।
दिलावर ने रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र में सुकेत और रामगंजमंडी नगर पालिका में भाजपा के बोर्ड बनने का उल्लेख करते हुए कहा कि अब पंचायत चुनाव में भी भाजपा को मजबूत करने की आवश्यकता है।
