बूंदी। दैनिक अंगद के संस्थापक स्वर्गीय मदन मदिर की पुण्य स्मृति में बूंदी शहर में विभिन्न सेवा एवं धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर गोवंश सेवा, जरूरतमंदों को भोजन कराने और संगोष्ठी के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। वक्ताओं ने उनके व्यक्तित्व और पत्रकारिता एवं समाजसेवा के क्षेत्र में दिए गए योगदान को याद किया।
पुण्य स्मृति दिवस पर शहर के विभिन्न स्थानों पर गोवंश सेवा के कार्यक्रम हुए। जंगम की बगीची में गोवंश को हरा चारा खिलाया गया, वहीं कायन हाउस परिसर में भी चारे की व्यवस्था की गई। बड़ा रामद्वारा गौशाला में गोवंश को चारा और गुड़ खिलाकर सेवा कार्य किया गया। दोपहर में खोजा गेट रोड स्थित गणपति सेवा आश्रम में निर्धन और असहाय लोगों को भोजन कराया गया।
पत्रकारिता और समाजसेवा में योगदान को किया याद
बड़ा रामद्वारा गौशाला में आयोजित संगोष्ठी में वक्ताओं ने स्वर्गीय मदन मदिर के जीवन, व्यक्तित्व और समाज एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला। पीठाधीश आत्माराम जी महाराज ने गोसेवा को सबसे बड़ा धर्म बताते हुए मदन मदिर के व्यक्तित्व और कृतित्व को याद किया।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने मदन मदिर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। एडवोकेट सुदर्शन लड्डा ने आभार व्यक्त किया।
जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग रहे मौजूद
कार्यक्रम में नगर परिषद सभापति भरत शर्मा, उपसभापति संजय भूटानी, अर्बन बैंक चेयरमैन सत्येश शर्मा, पूर्व पालिका अध्यक्ष भगवान लाडला, भाजपा शहर अध्यक्ष राजकुमार श्रंगी, पार्षद टीकम जैन, बालकिशन, पप्पू सोनी, पार्षद अजय त्यागी, प्रवीण मुंद्डा, तुषार जांगिड़, बंटी भारद्वाज, निरंजन लड्डा, जितेंद्र सिंह आमेरा, मोहन शर्मा और महावीर सैनी सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
