नागरिक अभिव्यक्ति । जयपुर
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पार्टी गांव, गरीब और किसान के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने पंचायत राज चुनावों को ग्रामीण विकास, किसानों की खुशहाली और गांवों को आत्मनिर्भर बनाने का अवसर बताते हुए कहा कि पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी को बढ़ावा देना भाजपा का प्रयास है।
राठौड़ के अनुसार, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के तहत राजस्थान के 76.18 लाख किसानों को 14,405 करोड़ रुपए से अधिक हस्तांतरित किए गए हैं। वहीं, मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की छह किश्तों में 65 लाख से अधिक किसानों को 3,387 करोड़ रुपए का लाभ मिला है। इस तरह दोनों योजनाओं के तहत 17,792 करोड़ रुपए से अधिक की राशि दिए जाने का दावा किया गया। उन्होंने बताया कि प्रदेश में 1.09 करोड़ किसानों को 67,293 करोड़ रुपए का ब्याजमुक्त अल्पकालीन फसली ऋण उपलब्ध कराया गया, जबकि 3.18 लाख नए किसानों को 561 करोड़ रुपए का ऋण दिया गया है।
राठौड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री किसान सम्मान निधि की वार्षिक सहायता 2,000 से बढ़ाकर 3,000 रुपए की गई है और इसे आगे 6,000 रुपए तक बढ़ाने का लक्ष्य बताया। उन्होंने पशुपालक परिवारों, ग्रामीण उद्यमियों और किसानों को दिए गए ऋण तथा प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित 59.53 लाख किसानों को 5,666 करोड़ रुपए के कृषि आदान अनुदान का भी उल्लेख किया।
उन्होंने कहा कि गांवों के विकास के लिए पेयजल, सड़क, स्वच्छता, कृषि और रोजगार जैसी सुविधाओं का विस्तार जरूरी है। भाजपा का प्रयास है कि सरकारी योजनाओं का लाभ किसानों, गरीबों, महिलाओं, युवाओं और वंचित वर्गों तक पहुंचे।
