मंडाना। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नया गांव में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय 17 एवं 19 वर्षीय छात्र-छात्राओं की कुश्ती प्रतियोगिता का शुक्रवार को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ समापन हुआ। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कुश्ती के मुकाबलों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान राज्य भारत स्काउट एवं गाइड, कोटा जिले के जिला प्रधान एवं शिक्षा सहकारी 696 के अध्यक्ष प्रकाश जायसवाल रहे। अध्यक्षता प्रतियोगिता संयोजक एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम मेघवाल ने की। शिक्षा सहकारी के डायरेक्टर दिनेश कुमार मीणा विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन आयोजन सचिव जमनालाल गुर्जर ने किया।
मुख्य अतिथि प्रकाश जायसवाल ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और संघर्ष की भावना विकसित करते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से नियमित अभ्यास करने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेते हुए आगे बढ़ने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता संयोजक एवं प्रधानाचार्य पुरुषोत्तम मेघवाल ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों और आयोजन से जुड़े शिक्षकों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के प्रतिभावान खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
विजेताओं को पदक पहनाकर किया सम्मानित
प्रतियोगिता के विभिन्न भार वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक पहनाकर सम्मानित किया गया। पदक प्राप्त करते समय खिलाड़ियों में खासा उत्साह नजर आया। निर्णायक मंडल के सदस्य जितेंद्र गोचर, अनीता चौहान, स्वीटी कलेर, मोना गोचर एवं रेखा राठौर को भी सम्मानित किया गया।
विद्यालय में आयोजित 70वीं जिला स्तरीय जूडो प्रतियोगिता का समापन शनिवार, 26 सितंबर को सुबह 9 बजे पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। आयोजकों के अनुसार समारोह की तैयारियां पूरीकर ली गई हैं।
