नागरिक अभिव्यक्ति @ मंडाना
मंडाना। महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, मंडाना के विद्यार्थियों ने शैक्षणिक भ्रमण के तहत मंडाना थाने का दौरा किया। पुलिस अधिकारियों ने विद्यार्थियों को थाने की कार्यप्रणाली, साइबर सुरक्षा, यातायात नियमों और नए आपराधिक कानूनों की जानकारी दी।
थाना परिसर में पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों को विभिन्न शाखाओं और उनके कामकाज से परिचित कराया। साइबर अपराधों से बचाव के बारे में बताते हुए ऑनलाइन ठगी, संदिग्ध लिंक खोलने और अनजान लोगों के साथ निजी जानकारी साझा करने से सतर्क रहने की सलाह दी गई। विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन करने का संदेश भी दिया गया।
थाना सीआई सुमेर सिंह, एएसआई इन्दा, रामभरोस और कमल सिंह, हेड कांस्टेबल दिलीप सिंह, नंदकिशोर और महावीर प्रसाद, आसूचना अधिकारी श्रवण कुमार तथा कांस्टेबल गोवर्धन ने विद्यार्थियों को थाने का भ्रमण करवाया। विद्यार्थियों ने पुलिसकर्मियों से विभिन्न विषयों पर सवाल पूछकर जानकारी ली।
