मंडाना। मंडाना क्षेत्र के सरकारी एवं गैर-सरकारी स्कूलों में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों में श्रद्धांजलि एवं संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया। वक्ताओं ने दोनों महान विभूतियों के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने सत्य, अहिंसा, स्वच्छता, अनुशासन और ईमानदारी जैसे मूल्यों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया। विद्यार्थियों ने देश के प्रति जिम्मेदारी निभाने और राष्ट्रसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ने का भी संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को महात्मा गांधी के सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों से प्रेरित किया गया।
