कोटा। स्कूली स्तर पर प्रतिभाओं की पहचान और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मोशन एजुकेशन की ओर से मोशन टैलेंट सर्च एग्जाम (एमटीएसई-2026) आयोजित की गई। परीक्षा में कक्षा 5 से 10 तक के हजारों विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। सुबह 10 से 11 बजे तक मोशन एजुकेशन के विभिन्न कैंपस में परीक्षा आयोजित हुई। इसका परिणाम नवंबर में घोषित किया जाएगा।
मोशन एजुकेशन के फाउंडर एवं एजुकेटर नितिन विजय ने बताया कि परीक्षा का उद्देश्य स्कूली स्तर पर ही प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को पहचानकर उन्हें आगे बढ़ने के बेहतर अवसर देना है। प्रत्येक कक्षा में प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। सफल विद्यार्थियों को ई-सर्टिफिकेट और मोमेंटो भी प्रदान किए जाएंगे। इसके साथ ही फाउंडेशन क्लासरूम कोर्स की फीस पर 100 प्रतिशत तक स्कॉलरशिप मिलेगी।
परीक्षा में विद्यार्थियों की विषयों पर पकड़ और समझ परखने के लिए पिछली कक्षा के पाठ्यक्रम से सवाल पूछे गए। विद्यार्थियों को परीक्षा पैटर्न समझाने के लिए वेबसाइट पर कक्षावार मॉक टेस्ट पेपर भी उपलब्ध कराए गए थे।
परीक्षा के दौरान अभिभावकों के लिए विशेष सेशन भी आयोजित किया गया। मोशन एजुकेशन की डायरेक्टर डॉ. स्वाति विजय ने बताया कि इसमें बच्चों की शिक्षा, भविष्य के जरूरी कौशल और उनकी व्यक्तिगत खूबियों को पहचानने जैसे विषयों पर चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने समझाया कि बच्चों की सफलता का आकलन केवल अंकों से नहीं करना चाहिए, बल्कि उनकी रुचि, रचनात्मकता, क्षमता और सीखने के तरीके को समझना भी जरूरी है।
डॉ. विजय ने बताया कि एमटीएसई के जरिए विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए शुरुआती आधार मजबूत करने का अवसर मिलता है। विषयों की बुनियादी समझ आगे चलकर जेईई और नीट जैसी परीक्षाओं में भी मददगार होती है। अब तक पांच लाख विद्यार्थी इस परीक्षा में शामिल हो चुके हैं।
