नागरिक अभिव्यक्ति | बूंदी। जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी चारु शंकर (आईएएस) ने सोमवार को डाबी क्षेत्र का दौरा कर विभिन्न राजकीय संस्थानों की व्यवस्थाओं, कार्यालय रिकॉर्ड और निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीईओ ने ग्राम पंचायत कार्यालय डाबी और जनजाति बालिका छात्रावास के कार्यालय रिकॉर्ड की जांच की तथा संस्थानों की अन्य व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को कार्यालय रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने और लंबित रिकॉर्ड को दो दिवस में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
विद्यालय में निर्माण कार्यों की प्रगति देखी
सीईओ चारु शंकर ने महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय डाबी में नए कक्षों के निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण की प्रगति और गुणवत्ता की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित समय में उसे पूर्ण करने पर भी जोर दिया गया।
इंदिरा रसोई में भोजन की गुणवत्ता परखी
निरीक्षण के दौरान सीईओ ने इंदिरा रसोई का भी जायजा लिया। उन्होंने तैयार किए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, रसोई की स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की जांच की। मौके पर भोजन की गुणवत्ता एवं तैयार करने की प्रक्रिया को लेकर आवश्यक जानकारी ली गई।
उन्होंने रसोई संचालकों को स्वच्छता बनाए रखने और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने पर भी जोर दिया।
थड़ी गांव में मुक्तिधाम निर्माण की समीक्षा
सीईओ चारु शंकर ने थड़ी गांव में माडा योजना के तहत निर्माणाधीन मुक्तिधाम का निरीक्षण कर कार्य की प्रगति देखी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से निर्माण कार्य की स्थिति और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने निर्माण कार्य को निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही यह सुनिश्चित करने को कहा कि निर्माण में उपयोग होने वाली सामग्री की गुणवत्ता और कार्य की मजबूती में किसी प्रकार की कमी न रहे।
निरीक्षण के दौरान पंचायत समिति तालेड़ा के विकास अधिकारी सुरेश वर्मा, अभियंता रोहित गोचर एवं डाबी थानाधिकारी हेमराज शर्मा मय जाब्ता मौजूद रहे।
