नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी। राज्य स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को पुलिस परेड ग्राउंड सहित निर्धारित मैदानों पर रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। सुबह से ही खिलाड़ियों में उत्साह नजर आया और मैदानों पर एक के बाद एक मुकाबले खेले गए। बड़ी संख्या में दर्शक भी मैच देखने पहुंचे और दिनभर हॉकी के रोमांच का आनंद लेते रहे।
शुक्रवार सुबह पुलिस परेड ग्राउंड नंबर-4 पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चंपावत ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता के मैचों का शुभारंभ करवाया। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी अर्चना तंवर तथा उप जिला शिक्षा अधिकारी शारीरिक शिक्षा शांता कंवर भी मौजूद रहीं।
डेढ़ दर्जन से अधिक मुकाबलों में दिखा रोमांच
प्रतियोगिता के दूसरे दिन मैदान नंबर-1, 3 और 4 पर डेढ़ दर्जन से अधिक हॉकी मैच खेले गए। कई मुकाबलों में टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी बढ़त से जीत दर्ज की, जबकि कुछ मैच बेहद कांटे के रहे।
मैदान नंबर-1 पर बूंदी और बांसवाड़ा के बीच हुए मुकाबले में बांसवाड़ा ने 2-0 से जीत दर्ज की। हनुमानगढ़ ने जयपुर द्वितीय को 10-0 से हराया। अजमेर ने सलूंबर पर 14-0 से बड़ी जीत दर्ज की। गंगानगर ने टोंक को 3-0 से हराया, जबकि चित्तौड़गढ़ ने नागौर को 2-1 से पराजित किया। ब्यावर और प्रतापगढ़ के बीच खेले गए मैच में ब्यावर ने 5-0 से जीत हासिल की।
मैदान नंबर-4 पर अलवर ने जोधपुर को 6-0 से हराया। कोटपूतली-बहरोड़ ने बाड़मेर के खिलाफ 2-0 से जीत दर्ज की। बारां और झुंझुनूं के बीच मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ। भीलवाड़ा ने डीडवाना-कुचामन को 7-0 से हराया, जबकि बीकानेर ने जोधपुर के खिलाफ 3-2 से जीत दर्ज की।
मैदान नंबर-3 पर सिरोही और कोटा के बीच हुए मुकाबले में कोटा ने 1-0 से जीत दर्ज की। राजसमंद ने जैसलमेर को 9-0 से हराया। चूरू ने जयपुर प्रथम को 4-0 से शिकस्त दी। फलोदी और पाली के बीच मुकाबला बराबरी पर रहा। शाम तक विभिन्न मैदानों पर मुकाबले जारी रहे।
48 टीमों में से 38 ने लिया भाग
नियंत्रण कक्ष से मिली जानकारी के अनुसार प्रतियोगिता में प्रदेशभर से कुल 48 हॉकी टीमों के पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन दूसरे दिन तक केवल 38 टीमें ही प्रतियोगिता में भाग लेने पहुंचीं। इसके बावजूद प्रतियोगिता में खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह बना हुआ है। विभिन्न जिलों से आई टीमें अपने शानदार प्रदर्शन के साथ अगले दौर में स्थान बनाने के लिए मैदान पर पूरी ताकत झोंक रही हैं।
