नागरिक अभिव्यक्ति | कोटा। संकट की घड़ी में अदम्य साहस, धैर्य और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए 174 यात्रियों की जान बचाने वाले पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ और दीर्घायु की कामना को लेकर कोटा में विशेष प्रार्थना सभा आयोजित की गई। राजस्थान राज्य कुश्ती संघ के अध्यक्ष राजीव दत्ता के संयोजन में गोदावरी धाम बालाजी मंदिर परिसर में सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ एवं विशेष पूजा-अर्चना की गई।
अनुष्ठान के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान हनुमान से कैप्टन स्मित मच्छार के उत्तम स्वास्थ्य, शक्ति और दीर्घायु की प्रार्थना की। उपस्थित लोगों ने उनके साहस और कर्तव्यपरायणता की सराहना करते हुए कहा कि संकट के समय उनके द्वारा दिखाई गई सूझबूझ और धैर्य देश के लिए प्रेरणादायी है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि कैप्टन मच्छार ने विषम परिस्थितियों में जिस जिम्मेदारी और साहस का परिचय दिया, उससे बड़ी संख्या में यात्रियों और उनके परिवारों की सुरक्षा सुनिश्चित हुई। उनके प्रति सम्मान और शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए शहरवासियों ने सामूहिक रूप से प्रार्थना की।
इस अवसर पर कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा एवं कोटा नगर निगम महापौर अनुसुइया गोस्वामी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा भारतीय जनता पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सभी ने एक स्वर में कैप्टन स्मित मच्छार के जल्द स्वस्थ होने और पुनः देश सेवा में लौटने की कामना की। कार्यक्रम श्रद्धा एवं भावनापूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
