नागरिक अभिव्यक्ति | बूंदी। युवाओं को नशे से दूर रखने और नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश लेकर माय भारत बूंदी के युवा स्वयंसेवक गोविंद कुम्हार (प्रजापत) ने सोमवार को बूंदी मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर स्थित दो राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। खास बात यह रही कि गोविंद साइकिल से दोनों विद्यालयों तक पहुंचे और विद्यार्थियों के साथ संवाद कर उन्हें नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
अभियान के प्रथम चरण में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय औंकारपुरा में नशा मुक्ति को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यार्थियों को नशे के शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। साथ ही स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।
इसके बाद राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय भैरूपुरा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति विषय पर निबंध लेखन, स्लोगन और पोस्टर-पेंटिंग प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने तथा अपने परिवार और गांव को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई गई। युवा स्वयंसेवक गोविंद ने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने साथियों व समुदाय के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें।
औंकारपुरा विद्यालय की प्रधानाचार्य अंजना गर्ग एवं भैरूपुरा विद्यालय की प्रधानाचार्य दीपिका सोमानी ने कार्यक्रम में सहयोग करते हुए अभियान की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उल्लेखनीय है कि केंद्र स्तर पर संचालित ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ अभियान को बूंदी के अधिक से अधिक शिक्षण संस्थानों तक पहुंचाने की पहल के तहत गोविंद कुम्हार इससे पहले भी कई राजकीय विद्यालयों और महाविद्यालयों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं। उनका उद्देश्य जिले के अधिकाधिक युवाओं को नशामुक्ति के संदेश से जोड़ना और स्वस्थ समाज के निर्माण में युवाओं की भागीदारी बढ़ाना है।
