बूंदी। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव के निर्देश पर बुधवार को सीएमएचओ डॉ. ओपी सामर ने नैनवां ब्लॉक का दौरा किया। उन्होंने उप जिला चिकित्सालय नैनवां का औचक निरीक्षण करने के साथ ही ब्लॉक मीटिंग लेकर विभागीय कार्यक्रमों और स्वास्थ्य सेवाओं की बिंदुवार समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों एवं कार्मिकों को आमजन को बेहतर और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डॉ. सामर ने स्वयं क्यूआर कोड स्कैन कर आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत ऑनलाइन पर्ची कटवाने की प्रक्रिया को समझा। उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों को भी क्यूआर कोड के माध्यम से पंजीयन की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन पर्ची की सुविधा से मरीजों को लंबी कतारों से राहत मिलेगी और डिजिटल स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में ऑनलाइन प्रक्रिया को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
सीएमएचओ ने अस्पताल में साफ-सफाई, शौचालय, वार्ड, बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन, लेबर रूम, पेयजल व्यवस्था और पलंगों की स्थिति का जायजा लिया। बारिश के मौसम को देखते हुए जलभराव, दवाओं के सुरक्षित रख-रखाव सहित अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सा अधिकारी प्रभारी को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने और मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने देने के निर्देश दिए।
ब्लॉक मीटिंग में कार्यक्रमों की समीक्षा
निरीक्षण के बाद ब्लॉक मीटिंग में विभिन्न स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की गई। सॉफ्टवेयर के माध्यम से कार्यक्रमों की स्थिति जानने के बाद चिकित्सा अधिकारियों, सीएचओ और एएनएम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मौसमी बीमारियों की समीक्षा के दौरान घर-घर सर्वे प्रभावी रूप से संचालित करने, डेंगू और मलेरिया के चिन्हित मरीजों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने तथा सर्पदंश के मामलों में समय पर उपचार और एंटीवेनम उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक रक्तदान अभियान
डॉ. सामर ने विकसित भारत जन सेवा अभियान के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले के चिकित्सा संस्थानों में अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित कर रक्त संग्रहण बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समय पर रक्त उपलब्ध होने से गर्भवती महिलाओं सहित जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाया जा सकता है। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को रक्तदान के लिए प्रेरित करने और शिविरों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने चिकित्सा संस्थानों में सफाई और बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन पर भी विशेष जोर दिया। साथ ही अधिकारियों और कार्मिकों को व्यवस्थाएं हर समय दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी चिकित्सा संस्थान का औचक निरीक्षण किया जा सकता है।
बैठक में एडिशनल सीएमएचओ डॉ. कमलेश शर्मा, बीसीएमओ डॉ. एलपी नागर सहित ब्लॉक के चिकित्सा अधिकारी प्रभारी, बीपीएम, सीएचओ, एएनएम एवं अन्य संबंधित कार्मिक मौजूद रहे।
