बूंदी। दीपावली पर पटाखों की मांग बढ़ने के साथ अवैध भंडारण और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए नैनवां थाना पुलिस ने कार्रवाई की है। पुलिस ने दुगारी रोड स्थित दो दुकानों पर जांच के दौरान बिना लाइसेंस पटाखों का भंडारण और बिक्री करते हुए दो दुकानदारों को गिरफ्तार किया। दोनों दुकानों से विभिन्न प्रकार के 110 पैकेट पटाखे जब्त किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गश्त के दौरान बटवाड़िया की टेक क्षेत्र में दुगारी रोड स्थित एक दुकान पर बारूद से निर्मित पटाखे मिले। दुकान संचालक सुरेन्द्र (36) निवासी टोडापोल वार्ड नंबर 6, नैनवां से भंडारण और बिक्री का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह प्रस्तुत नहीं कर सका। पुलिस ने दुकान से 50 पैकेट पटाखे जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
इसी क्षेत्र में दूसरी दुकान की जांच के दौरान संचालक दीपक (27) निवासी टोडापोल वार्ड नंबर 6 भी पटाखों के भंडारण का लाइसेंस नहीं दिखा सका। पुलिस ने उसकी दुकान से 60 पैकेट पटाखे जब्त कर उसे गिरफ्तार किया।
दो अलग-अलग मुकदमे दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रकरण संख्या 360/2026 और 361/2026 दर्ज किए हैं। इनके तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 288 तथा विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9(ख) में मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया है।
कार्रवाई जिला पुलिस अधीक्षक अवनीश कुमार शर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजय सिंह चम्पावत के मार्गदर्शन और वृत्ताधिकारी ओमप्रकाश के सुपरविजन में थानाधिकारी हेमराज के नेतृत्व में की गई। टीम में सहायक उपनिरीक्षक प्रकाशचंद, सुमन, कांस्टेबल कमलेश और महेन्द्र शामिल रहे।
