बूंदी, 29 सितंबर। स्वयं सहायता समूह से जुड़कर अपने हुनर को स्वरोजगार में बदलने वाली नीलम वर्मा आज आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। वर्ष 2018 में एसएचजी से जुड़ी नीलम ने राजस्थान महिला निधि से मिले ऋण की मदद से छोटे स्तर पर ब्यूटी पार्लर शुरू किया। मेहनत और लगन से उन्होंने अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाया और अब ब्यूटी पार्लर के साथ फैंसी स्टोर भी संचालित कर रही हैं।
नीलम ने शुरुआत में राजस्थान महिला निधि से 40 हजार रुपए का सुविधा ऋण लेकर ब्यूटी पार्लर खोला। धीरे-धीरे ग्राहकों का विश्वास बढ़ा और कारोबार में विस्तार होने लगा। उन्होंने समय पर पूरी ऋण राशि चुका दी। इसके बाद व्यवसाय को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री लखपति दीदी ऋण योजना के तहत 90 हजार रुपए का ऋण लिया और फैंसी स्टोर की शुरुआत की।
वर्तमान में नीलम दोनों व्यवसायों से करीब 8 से 10 हजार रुपए प्रतिमाह आय अर्जित कर रही हैं। इससे वह परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
नीलम ने इस उपलब्धि का श्रेय राजस्थान महिला निधि और राजीविका के सहयोग को देते हुए आभार जताया। उनका कहना है कि इस सहायता से उन्हें अपने सपनों को साकार करने और आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला।
