मंडाना। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर कोटा-झालावाड़ मार्ग में मंडाना टोल और कसार के बीच बुधवार को तेज रफ्तार ट्रक ने रोड लाइटों के मेंटेनेंस कार्य में लगी हाइड्रा क्रेन को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में हाइड्रा क्रेन क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि क्रेन ऑपरेटर बाबूलाल घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शी मांगीलाल अहीर के अनुसार बाबूलाल हाइड्रा क्रेन की सहायता से हाईवे पर विद्युत पोल की मेंटेनेंस का कार्य कर रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक ने क्रेन को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि हाइड्रा क्रेन को काफी नुकसान पहुंचा। हादसे में क्रेन ऑपरेटर बाबूलाल को चोटें आईं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही हाईवे एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
हादसे के बाद मौके पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा। हाईवे पर मेंटेनेंस कार्य के दौरान हुए हादसे से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े
हुए हैं।
