इटावा। ERCP राम जल सेतु परियोजना के तहत नवनिर्मित नोनेरा-ऐबरा बांध का जलस्तर 217 मीटर की पूर्ण भराव क्षमता तक पहुंच गया है। परवन नदी के कैचमेंट क्षेत्र से लगातार पानी की आवक होने के चलते जल संसाधन विभाग ने बांध के पांच गेट खोलकर करीब 75 हजार क्यूसेक पानी कालीसिंध नदी में छोड़ना शुरू कर दिया है।
नोनेरा-ऐबरा बांध के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि बांध की अधिकतम भराव क्षमता 217 मीटर है और बांध पूरी तरह भर चुका है। परवन नदी क्षेत्र से लगातार पानी की आवक बनी हुई है। इसे देखते हुए बांध के पांच गेट खोलकर पानी की निकासी की जा रही है। वर्तमान में करीब 75 हजार क्यूसेक पानी कालीसिंध नदी में छोड़ा जा रहा है।
नदी किनारे बसे गांवों को किया सतर्क
बांध से पानी की निकासी और नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन एवं जल संसाधन विभाग ने कालीसिंध और चंबल नदी के निचले इलाकों में बसे गांवों के लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी है। नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को पानी के बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने तथा नदी में नहीं उतरने की सलाह दी गई है।
लगातार बारिश और परवन नदी से पानी की आवक को देखते हुए आगामी समय में जलस्तर में और बढ़ोतरी की संभावना के मद्देनजर संबंधित विभाग निगरानी बनाए हुए हैं। बांध से छोड़े जा रहे पानी को लेकर नदी किनारे बसे गांवों में सतर्कता बरतने की अपील की गई है।
