कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला दीपावली पर मंगलवार को पुराने कोटा के बाजारों में रामा-श्यामी करने पहुंचे। उन्होंने व्यापारियों, दुकानदारों और खरीदारी के लिए आए लोगों से मुलाकात कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं। बाजारों में जगह-जगह पुष्पवर्षा, फूलमालाओं और आतिशबाजी से उनका स्वागत किया गया। बिरला ने हाथ जोड़कर अभिवादन किया और वरिष्ठजनों के चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया।
बिरला ने उपभोक्ता सुपर मार्केट सब्जीमंडी से बाजार भ्रमण की शुरुआत की। इसके बाद लिंक रोड, अग्रसेन बाजार, भैरू गली, बजाजखाना, पुरानी सब्जीमंडी, पुरानी धानमंडी, गांधी चौक, रामपुरा बाजार और आर्य समाज रोड होते हुए हिन्दू धर्मशाला तक पहुंचे। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से कारोबार और बाजारों की स्थिति पर चर्चा की। कई दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों से बाहर आकर उनका स्वागत करते नजर आए।
बिरला ने कहा कि दीपावली का पर्व सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आया है। इस बार किसानों की फसल अच्छी हुई है। दशहरा मेले में भी व्यापार बेहतर रहा और दीपावली पर बाजारों में रौनक देखने को मिली। यह चहल-पहल व्यापारियों की मेहनत और आर्थिक गतिविधियों में सकारात्मकता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पुराने कोटा के बाजार केवल व्यापार के केंद्र नहीं हैं, बल्कि हमारी परंपराओं, सामाजिक आत्मीयता और सांस्कृतिक पहचान के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। पीढ़ियों से चली आ रही रामा-श्यामी की परंपरा समाज में प्रेम, विश्वास और आपसी संबंधों को मजबूत करती है।
बाजार भ्रमण के दौरान बिरला का सहज अंदाज भी देखने को मिला। अग्रसेन बाजार में व्यापारियों के आग्रह पर उन्होंने चाय पी और उनके साथ बैठकर बातचीत की। बाजार में गोलगप्पों का स्वाद भी लिया। इस दौरान व्यापारियों और आमजन के साथ उनका संवाद और हंसी-मजाक चलता रहा।
बुजुर्गों की समस्याएं सुनीं, घर पर समाधान के निर्देश
बाजार भ्रमण के दौरान कई वरिष्ठजनों ने बिरला को व्यक्तिगत और जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याएं बताईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वरिष्ठ नागरिकों को समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ें। जहां संभव हो, उनके घर पर ही आवश्यक सहायता और समाधान उपलब्ध कराया जाए।
वाल्मीकि सामुदायिक भवन के जीर्णोद्धार के निर्देश
क्षेत्रवासियों ने महर्षि वाल्मीकि सामुदायिक भवन की मरम्मत और नवीनीकरण की मांग रखी। इस पर बिरला ने संबंधित अधिकारियों को भवन के जीर्णोद्धार और आवश्यक सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने पुराने बाजारों में पार्किंग व्यवस्था और सुलभ शौचालयों की स्थिति बेहतर बनाने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि पुराने शहर के बाजारों में व्यापारियों के साथ खरीदारी के लिए आने वाले नागरिकों को भी बेहतर सुविधाएं मिलनी चाहिए।
इस दौरान महापौर अनुसुईया गोस्वामी, भाजपा जिलाध्यक्ष राकेश जैन, भाजपा नेता पंकज मेहता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, व्यापारी और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
