नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कोटा में नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि नगरीय निकाय चुनावों में जनता ने भरोसा जताकर प्रतिनिधियों को बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। अब उन्हें सेवा, संवेदना और समर्पण के साथ जनता के भरोसे पर खरा उतरना होगा। जनप्रतिनिधि की भूमिका नगरपालिका के कामकाज तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। आमजन को भरोसा होना चाहिए कि उसकी हर समस्या और कठिनाई में उसका प्रतिनिधि साथ खड़ा है।
बिरला ने कहा कि शहरी क्षेत्रों के साथ ग्रामीण इलाकों में भी विकास और जनसेवा को गति देनी है। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए कार्यकर्ता घर-घर जाएं। आधार कार्ड, खाद्य सुरक्षा, पालनहार, पेंशन और किसान सम्मान निधि जैसी योजनाओं से वंचित पात्र लोगों को लाभ दिलाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से परिवारों के दस्तावेज जांचने और आधार, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेजों में विसंगतियां मिलने पर उन्हें ठीक करवाने में सहयोग करने का आग्रह किया। बिरला ने बूंदी में आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए स्थायी केंद्र शुरू करने की बात भी कही।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि जनसमस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान प्राथमिकता होनी चाहिए। जनप्रतिनिधि आमजन की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनें और संबंधित विभागों तथा अधिकारियों से समन्वय कर समाधान के प्रयास करें। विकास योजनाएं बनाते समय स्थानीय जरूरतों और जनभागीदारी को महत्व देने की जरूरत है।
विधायक कल्पना देवी ने कहा कि निकाय चुनावों में मिली सफलता जनता के विश्वास और कार्यकर्ताओं के परिश्रम का परिणाम है। यह जीत जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी भी बढ़ाती है। उन्होंने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप निष्ठा और समर्पण से काम करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर, जिला प्रमुख मेघवाल और विभिन्न नगर पालिकाओं के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
