नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
कोटा। श्री दिगंबर जैन बघेरवाल जनकल्याण समिति की ओर से नवनिर्मित पंडित आशाधर भवन के दो दिवसीय लोकार्पण समारोह के तहत शनिवार को पंच परमेष्ठी विधान आयोजित किया गया। आदि भैय्याजी के निर्देशन में हुए विधान में करीब 150 लोगों ने भाग लिया। संगीत पार्टी में अनिल जैन डाबी, अनीशा बागड़िया और दिया जैन सिंगोली ने प्रस्तुति दी। शाम 7 बजे भक्तामर पाठ और रात 8 बजे तमिलनाडु के जैन वैभव पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
भवन का लोकार्पण और भामाशाह सम्मान समारोह रविवार को दोपहर 12.15 बजे से होगा। समारोह के मुख्य अतिथि डॉ. नीलेश जैन, प्रिंसिपल, कोटा मेडिकल कॉलेज होंगे। अध्यक्षता बघेरवाल जैन समाज के युवा उद्यमी एवं जोस्ट्स इंजीनियरिंग कंपनी लिमिटेड, बेंगलुरु के वाइस चेयरमैन व मैनेजिंग डायरेक्टर विशाल जैन सेठिया करेंगे।
आयोजन के तहत ऋषभ जी और मनीष जी मोहिवाल झंडारोहण करेंगे। महेंद्र प्रभाचंद जी सेठिया, कैथून वाले, मुंबई मंडप उद्घाटन करेंगे। जयकुमार जी-नितिन जी खटोड़ फैमिली दीप प्रज्वलन करेगी। सुरेश जी-सुषमा जी हरसोरा परिवार पंडित आशाधरजी के चित्र एवं प्रशस्ति का अनावरण करेगा। जम्बू कुमार जी-सुलोचना जी सेठिया प्रशासनिक ब्लॉक का लोकार्पण करेंगे। मुख्य भवन का लोकार्पण पदम कुमार, राजेंद्र कुमार, हुकम जी काका और प्रकाश जी हरसोरा परिवार, साथ ही मोहिनी देवी-प्रवीण जी सेठिया परिवार, मुंबई की ओर से किया जाएगा।
समिति प्रवक्ता केएल जैन ने बताया कि कोटा में बघेरवाल समाज के करीब 2 हजार परिवार रहते हैं। कोटा को बघेरवालों की राजधानी भी कहा जाता है। नया भवन समाज की सामाजिक आयोजनों संबंधी जरूरतों को पूरा करेगा। समारोह में हाड़ौती के साथ बिजोलिया, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, गरोठ, भानपुरा और इंदौर से भी समाजबंधु पहुंच रहे हैं।
