पीपल्दा/दीगोद (कोटा)। पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर 17 अगस्त को प्रस्तावित ‘किसान न्याय क्रांति’ कार्यक्रम की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। कार्यक्रम के तहत सोमवार सुबह 11 बजे ग्राम कोलाना से दीगोद उपखंड अधिकारी कार्यालय तक सैकड़ों ट्रैक्टरों के साथ विशाल ट्रैक्टर रैली निकाली जाएगी। इसके बाद किसानों की ओर से उपखंड कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
यह प्रदर्शन पीपल्दा विधायक चेतन पटेल कोलाना के नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है। किसानों का कहना है कि क्षेत्र में डीएपी खाद के साथ जबरन अन्य सामग्री अटैच करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने, शौचालय, कैटल शेड एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त के लंबित भुगतान, कृषि यंत्रों की बकाया सब्सिडी तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी शिकायतों सहित कई समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है।
आयोजकों के अनुसार, इन मांगों को लेकर किसान बड़ी संख्या में ट्रैक्टरों के साथ दीगोद पहुंचेंगे। किसानों ने प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि प्रदर्शन के दौरान मौके पर समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो वे अपनी मांगों के समर्थन में कोटा कलेक्ट्रेट की ओर कूच करेंगे।
कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कांग्रेस पार्टी की ओर से बूढ़ादित, बिसलाई और सुल्तानपुर मंडल में किसानों की बैठकें आयोजित की गईं। विधायक चेतन पटेल ने बैठकों में किसानों से संवाद करते हुए ‘किसान न्याय क्रांति’ कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया।

बैठकों में देहात जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह, ब्लॉक अध्यक्ष सुल्तानपुर महेंद्र गुर्जर सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता, कार्यकर्ता और किसान नेता मौजूद रहे। बैठक में किसानों से अपनी समस्याओं और मांगों को लेकर एकजुट होकर आंदोलन में शामिल होने की अपील की गई।
