नागरिक अभिव्यक्ति । कोटा
प्रगति इंटरनेशनल स्कूल, कोटा में शारदीय नवरात्र के अवसर पर 16 अक्टूबर को डांडिया एवं गरबा महोत्सव आयोजित किया गया। विद्यार्थियों ने पारंपरिक परिधानों में गुजराती गरबा और डांडिया नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर भारतीय लोक संस्कृति की झलक पेश की। रंग-बिरंगे परिधानों और गरबा की धुनों से विद्यालय परिसर उत्सवमय हो उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां दुर्गा की आरती और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद छात्राओं ने पारंपरिक चनिया-चोली तथा छात्रों ने कुर्ता-पायजामा पहनकर नृत्य प्रस्तुतियां दीं। विद्यार्थियों के तालमेल और उत्साह ने आयोजन को आकर्षक बनाया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. फेमिना ने विद्यार्थियों को नवरात्र पर्व के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी सांस्कृतिक विरासत, आपसी सद्भाव और एकता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी परंपराओं को समझने और उनसे जुड़ने का अवसर देते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ सांस्कृतिक गतिविधियों में भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।
महोत्सव के दौरान सर्वश्रेष्ठ नृत्य, सर्वश्रेष्ठ पारंपरिक वेशभूषा और सर्वश्रेष्ठ डांडिया समूह जैसी श्रेणियों में विद्यार्थियों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया गया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। आयोजन में विद्यार्थियों और शिक्षकों की सहभागिता रही। विद्यालय परिवार ने इसे विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रतिभा और सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करने वाला अवसर बताया।
