कोटा। अखिल राजस्थान राज्य ठेका निविदा कर्मचारी महासंघ की ओर से राजस्थान में ठेका कर्मचारियों की न्यूनतम मजदूरी 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग को लेकर जिला कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। महासंघ ने मांग की कि 1 अक्टूबर 2026 से न्यूनतम मजदूरी में वृद्धि कर इसे सम्मानजनक स्तर पर निर्धारित किया जाए, ताकि ठेका कर्मचारी अपने परिवार का भरण-पोषण बेहतर तरीके से कर सकें।
ज्ञापन में महासंघ ने बताया कि न्यूनतम मजदूरी में साल में दो बार, अप्रैल और अक्टूबर में संशोधन किए जाने का प्रावधान है। इसी क्रम में प्रदेश के ठेका कर्मचारियों की ओर से 1 अक्टूबर 2026 से न्यूनतम मजदूरी 18 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग रखी गई।
दीपावली से पहले बोनस दिलाने की मांग
महासंघ के पदाधिकारियों ने जॉइंट लेबर कमिश्नर दीपक यादव को भी ज्ञापन देकर दीपावली से पहले कोटा के सभी विभागों को नोटिस जारी करने की मांग की। इसमें ठेका कर्मचारियों को वार्षिक वेतन का 8.33 प्रतिशत बोनस दिए जाने के संबंध में विभागों को अवगत कराने का आग्रह किया गया।
ज्ञापन देने वालों में एमबीएस अस्पताल से अध्यक्ष देवाशिष सेन और भरत व्यास, थर्मल यूनियन अध्यक्ष सचिन शर्मा, कोटा विकास प्राधिकरण से अध्यक्ष प्रेमशंकर मीणा और टीकम गोचर, यूनिवर्सिटी कोटा से उपाध्यक्ष राजेश गौतम तथा जेके लोन से अध्यक्ष चंद्रमोहन मीणा सहित महासंघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
