कोटा। राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा SET-2026 को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा 13 सितंबर को आयोजित होगी, जिसमें 1 लाख 77 हजार 901 से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। राज्य के सात संभागीय मुख्यालयों में बनाए गए 429 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा का आयोजन कोटा विश्वविद्यालय की ओर से किया जा रहा है।
कुलगुरु प्रो. बी.पी. सारस्वत के अनुसार SET-2026 परीक्षा यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप होगी। परीक्षा सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक ऑफलाइन OMR आधारित प्रणाली से आयोजित की जाएगी।
परीक्षा केंद्रों की निगरानी और समन्वय के लिए कोटा विश्वविद्यालय में केंद्रीय कंट्रोल रूम भी स्थापित किया गया है। अभ्यर्थियों की रिपोर्टिंग सुबह 9 से 10 बजे तक होगी। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सुबह 10 बजे के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
इलेक्ट्रॉनिक गैजेट पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस, कैलकुलेटर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक गैजेट ले जाने पर पूरी तरह रोक रहेगी। अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र की रंगीन प्रति, मूल फोटो पहचान पत्र और आवश्यक दस्तावेज साथ लेकर पहुंचना होगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।
