जयपुर/बूंदी, 21 अक्टूबर। राजस्थान में विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान के तहत 1 से 20 अक्टूबर 2026 तक 2 लाख 40 हजार 534 पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े गए हैं। अभियान के दौरान दोनों आयु वर्गों में नाम जोड़ने के लिए फॉर्म-6 के कुल 7 लाख 78 हजार 147 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के 4 लाख 30 हजार 701 आवेदन शामिल हैं। मतदाता पंजीकरण की समीक्षा के दौरान लगातार कम प्रगति वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों को सुधार के लिए चेतावनी दी गई है। इनमें कोटा जिले के रामगंजमंडी और सांगोद विधानसभा क्षेत्र भी शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान में पहली बार मतदान के लिए पात्र युवाओं के नाम मतदाता सूची में जोड़ने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। प्राप्त आवेदनों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
18–19 वर्ष के युवाओं के 4.30 लाख आवेदन
अभियान के तहत 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग में कुल 4 लाख 30 हजार 701 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 1 अक्टूबर 2026 तक मिले 31,600 अग्रिम आवेदन भी शामिल हैं। वहीं, 20 वर्ष और इससे अधिक आयु वर्ग में 1 से 20 अक्टूबर तक 3 लाख 47 हजार 446 आवेदन प्राप्त हुए।
दोनों आयु वर्गों को मिलाकर कुल 7 लाख 78 हजार 147 आवेदन मिले हैं। इनमें से 3 लाख 52 हजार 778 आवेदनों के संबंध में सात दिन की आपत्ति अवधि पूरी होने के बाद नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
2.40 लाख से अधिक आवेदनों पर सकारात्मक निर्णय
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 1 से 20 अक्टूबर तक प्राप्त आवेदनों पर ईआरओ के सकारात्मक निर्णय के बाद कुल 2 लाख 40 हजार 534 पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़े गए हैं।
इनमें 18–19 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 39 हजार 972 मतदाता शामिल हैं। इस वर्ग के 58 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण किया गया है। वहीं, 20 वर्ष और अधिक आयु वर्ग में 1 लाख 562 मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं।
इस वर्ग के 54 प्रतिशत आवेदनों का निस्तारण हुआ है। शेष आवेदनों पर कार्रवाई प्रक्रियाधीन है।
युवा मतदाता पंजीकरण में बूंदी अग्रणी जिलों में
18–19 वर्ष आयु वर्ग में मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों की उपलब्धि के प्रतिशत के आधार पर बूंदी सहित भरतपुर, धौलपुर, करौली, अलवर, टोंक, बालोतरा, चूरू, कोटपूतली-बहरोड़ और सवाई माधोपुर अग्रणी जिलों में शामिल हैं।
वहीं, 20 वर्ष और अधिक आयु वर्ग में प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर जयपुर, अलवर, चूरू, करौली, जोधपुर, सीकर, उदयपुर, भीलवाड़ा, पाली और बांसवाड़ा अग्रणी जिले रहे हैं।
विधानसभा क्षेत्रों में इनका प्रदर्शन बेहतर
18–19 वर्ष आयु वर्ग में आवेदन प्राप्ति की उपलब्धि के प्रतिशत के आधार पर बसेड़ी, गुड़ामालानी, कठूमर, अलवर ग्रामीण, नदबई, खेरवाड़ा, सपोटरा, लाडनूं, बाड़ी और वैर अग्रणी विधानसभा क्षेत्रों में शामिल हैं।
इसी तरह 20 वर्ष और अधिक आयु वर्ग में प्राप्त आवेदनों की संख्या के आधार पर झोटवाड़ा, विद्याधर नगर, टोडाभीम, सुजानगढ़, बानसूर, गंगापुर, श्रीमाधोपुर, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, हिण्डौन और जालौर आगे रहे हैं।
रामगंजमंडी और सांगोद सहित आठ क्षेत्रों को चेतावनी
मतदाता पंजीकरण अभियान की समीक्षा में लगातार न्यूनतम प्रगति वाले आठ विधानसभा क्षेत्रों को चेतावनी दी गई है। इनमें नोखा, रामगंजमंडी, बाड़मेर, शिव, घाटोल, दांतारामगढ़, सांगोद और चौहटन शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को पात्र युवाओं और नए मतदाताओं के पंजीकरण की गति बढ़ाने, नाम जोड़ने के लिए प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता से निस्तारण करने तथा प्रतिदिन की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं आवेदन
अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारियों और ईआरओ को अभियान की निगरानी करने तथा आवेदनों का शीघ्र और नियमानुसार निस्तारण करने के निर्देश दिए गए हैं।
पात्र नागरिक भारत निर्वाचन आयोग के पोर्टल voters.eci.gov.in अथवा ECINET के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
