नागरिक अभिव्यक्ति । बूंदी
राजस्थान में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 14 अक्टूबर तक फॉर्म-6 के 4,80,893 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के 2,67,946 और 20 वर्ष या इससे अधिक आयु वर्ग के 2,12,947 आवेदन शामिल हैं। अभियान का उद्देश्य पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल करना है, ताकि कोई भी योग्य व्यक्ति पंजीकरण से वंचित नहीं रहे।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राज्य में 1 अक्टूबर 2026 से यह विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवीन महाजन ने बताया कि अभियान के तहत इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब, बूथ लेवल अधिकारी, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी और स्वीप टीमों के समन्वय से काम किया जा रहा है।
स्कूलों और महाविद्यालयों तक पहुंचकर पात्र युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वालों को जागरूक किया जा रहा है। निर्वाचन विभाग का प्रयास है कि पात्र युवाओं के साथ मतदाता सूची में नाम जुड़वाने से वंचित अन्य नागरिकों का भी पंजीकरण सुनिश्चित हो।
पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए voters.eci.gov.in पोर्टल या ECINET के माध्यम से ऑनलाइन फॉर्म-6 भर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के जरिए भी आवेदन किया जा सकता है।
