कोटा। प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन राजस्थान, जिला कोटा की कार्यकारिणी की बैठक हितकारी सहकारी शिक्षा समिति के कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता समिति के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला ने की। बैठक में संगठन से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के साथ राजेश कृष्ण बिरला को प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन राजस्थान का संरक्षक बनाने का प्रस्ताव रखा गया।
प्रदेशाध्यक्ष महेश गुप्ता ने बैठक में राजेश कृष्ण बिरला को संगठन का संरक्षक बनाए जाने का प्रस्ताव रखा। उपस्थित पदाधिकारियों ने प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए बिरला से संरक्षक पद स्वीकार करने का आग्रह किया। बिरला ने सहमति देते हुए संरक्षक का पद स्वीकार कर लिया।
इसके बाद एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने माला पहनाकर राजेश कृष्ण बिरला का स्वागत किया। पदाधिकारियों ने कहा कि बिरला के मार्गदर्शन से प्रदेश में निजी स्कूलों से जुड़े मुद्दों को प्रभावी तरीके से उठाने और स्कूल संचालकों के हितों से जुड़े विषयों पर संगठनात्मक स्तर पर काम करने में मदद मिलेगी।
बैठक में प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष महेश गुप्ता, प्रदेश सचिव सत्यप्रकाश शर्मा, उपाध्यक्ष कपिल विजय, अशफाक मलिक, कोषाध्यक्ष संजय विजय सहित एचएस गौरी, धर्मेंद्र दीक्षित और शदमान गौरी मौजूद रहे।
बैठक में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, निजी स्कूलों से जुड़े विभिन्न विषयों और संगठन को मजबूत करने से संबंधित मुद्दों पर भी चर्चा की गई।
