रामगंजमंडी (कोटा)। रामगंजमंडी विधानसभा क्षेत्र की खैराबाद और चेचट पंचायत समितियों के 34 वार्डों में आज मतदान हो रहा है। दोनों पंचायत समितियों में चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हैं। खास तौर पर खैराबाद पंचायत समिति मंत्री मदन दिलावर का निर्वाचन क्षेत्र होने के कारण यहां के चुनाव पर सभी की नजरें टिकी हैं।
खैराबाद पंचायत समिति में 36,210 पुरुष, करीब 34 हजार महिला और एक अन्य श्रेणी का मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेगा। वहीं, चेचट पंचायत समिति में 39,784 पुरुष, 37,402 महिला और एक अन्य श्रेणी का मतदाता मतदान करेगा।
वार्डों में सीधा मुकाबला
खैराबाद पंचायत समिति के 17 वार्डों में से 11 वार्डों में प्रत्याशियों के बीच सीधा मुकाबला है। इसी तरह चेचट पंचायत समिति के 17 वार्डों में भी 11 वार्डों में आमने-सामने की टक्कर है। ऐसे में इन वार्डों के चुनाव परिणाम राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।
मंत्री मदन दिलावर के लिए प्रतिष्ठा का सवाल
खैराबाद पंचायत समिति मंत्री मदन दिलावर का निर्वाचन क्षेत्र है। मंत्री दिलावर चुनाव प्रचार के पहले दिन से ही वार्ड-दर-वार्ड पहुंचकर प्रचार में सक्रिय रहे हैं। ऐसे में दोनों पंचायत समितियों के चुनाव परिणामों को उनके राजनीतिक प्रभाव और क्षेत्र में पकड़ के लिहाज से भी देखा जा रहा है।
अब मतदान के बाद मतदाताओं का रुझान किस ओर रहता है और किस दल या प्रत्याशी को बढ़त मिलती है, यह चुनाव परिणाम आने पर स्पष्ट होगा।
