रामगंजमंडी। कोटा स्टोन की गहरी खदान में डूबे स्थानीय गोताखोर प्रकाश अहीर का शव करीब 40 घंटे बाद रेस्क्यू टीम ने बरामद कर लिया। कोटा से पहुंची पहली रेस्क्यू टीम के सर्च ऑपरेशन में सफलता नहीं मिलने के बाद बुधवार को दूसरी टीम ने खदान में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
दोपहर के समय स्कूबा डाइविंग के जरिए सर्च ऑपरेशन में बड़ी सफलता मिली। कोटा से पहुंचे गोताखोर विष्णु श्रृंगी और रोकी डेनियल ने करीब 55 फीट की गहराई में ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच फंसे प्रकाश अहीर के शव को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
ट्रैक्टर को निकालने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार स्थानीय गोताखोर प्रकाश अहीर पानी में डूबे ट्रैक्टर को क्रेन की मदद से बाहर निकालने के लिए उसे रस्सी से बांधने के उद्देश्य से खदान में उतरे थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में डूब गए और उनका पता नहीं चल सका।
करीब 40 घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद कोटा से आई दूसरी रेस्क्यू टीम ने स्कूबा डाइविंग की मदद से शव को खोज निकाला। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों और परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
