कोटा। तलवंडी इलाके में मकान की पुताई करते समय दो मंजिल की ऊंचाई से गिरने के बाद एक मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसा डीएवी स्कूल के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायल मजदूर को तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, मजदूर ओमप्रकाश मेघवाल मकान की पुताई का काम कर रहा था। वह पुताई करने के लिए पेड़े पर खड़ा हुआ था। इसी दौरान अचानक पेड़ा टूट गया। इससे ओमप्रकाश का संतुलन बिगड़ गया और वह करीब दो मंजिल की ऊंचाई से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
मौके पर मौजूद लोगों ने गंभीर रूप से घायल ओमप्रकाश को तत्काल न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे की सूचना मिलने पर जवाहर नगर थाना पुलिस अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनाक्रम और मौके की परिस्थितियों की भी पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार, शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
