रामगंजमंडी। शहर के वार्ड नंबर 10 स्थित कृष्णा मिल कॉलोनी में निराश्रित सांड और श्वानों की समस्या को लेकर वार्डवासियों ने नगर पालिका पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। वार्डवासियों ने सांडों को पकड़ने और श्वानों की समस्या से निजात दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।
नगर कांग्रेस अध्यक्ष पवन बाबेल के नेतृत्व में वार्ड पार्षद उत्कर्ष गुप्ता वार्डवासियों के साथ पालिका पहुंचे। उन्होंने अधिशाषी अधिकारी दीपक नागर, पालिका अध्यक्ष नरेंद्र काला और उपाध्यक्ष महेंद्र सामरिया को ज्ञापन सौंपकर समस्या से अवगत कराया।
बुजुर्ग की हो चुकी है मौत
ज्ञापन में वार्डवासियों ने बताया कि कॉलोनी में निराश्रित सांड और श्वान लगातार परेशानी का कारण बने हुए हैं। उनके अनुसार पूर्व में कॉलोनी निवासी बुजुर्ग लक्ष्मीनारायण की सांड के हमले में मौत हो चुकी है। वहीं हाल में भी 2-3 लोगों पर सांड और श्वानों के हमले की घटनाएं सामने आई हैं।
वार्डवासियों ने बताया कि कुछ समय पहले कॉलोनी निवासी टीकम मित्तल पर श्वानों ने हमला कर दिया था।
इसके बाद उन्हें उपचार के लिए कोटा अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
बच्चों और बुजुर्गों की आवाजाही
लोगों ने बताया कि कॉलोनी में मंदिर के साथ कोचिंग क्लासेज, जिम और कराटे क्लासेज भी संचालित होते हैं। ऐसे में यहां बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों की नियमित आवाजाही रहती है। सांड और श्वानों के कारण लोगों में डर का माहौल बना हुआ है।
वार्डवासियों के अनुसार कई लोगों को श्वानों के काटने की घटनाओं का भी सामना करना पड़ा है। उन्होंने नगर पालिका से निराश्रित सांडों को पकड़ने तथा श्वानों की समस्या के समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।
