नागरिक अभिव्यक्ति । रामगंजमंडी
रामगंजमंडी में सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर नगर पालिका प्रशासन ने सख्ती दिखाई है। गुरुवार को अधिशासी अधिकारी दीपक नागर ने शहर के विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान चार स्थाई और चार अनुबंधित सफाईकर्मी अपने निर्धारित कार्यस्थल पर अनुपस्थित मिले। वहीं, सफाई कार्य में लापरवाही के मामले में दो स्थाई कर्मचारियों को निलंबित कर दिया गया। संबंधित सफाई ठेकेदार को भी नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण के दौरान स्थाई सफाई कर्मचारी राजकुमार, महेश, मंगल और रविंद्र नकवाल अनुपस्थित मिले। अनुबंधित कर्मचारी सोना बाई, बिंदिया बाई, गंगा बाई और सुगना बाई की भी अनुपस्थिति दर्ज की गई। इसके अलावा स्थाई सफाई कर्मचारी मनोज घाटोड और प्रमोद के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।
अधिशासी अधिकारी दीपक नागर ने बताया कि नगर पालिका के सभी 40 वार्डों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। सड़कों और नालियों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफाई कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कर्मचारियों को निर्धारित समय पर कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर जिम्मेदारी से काम करना होगा। सफाई व्यवस्था की निगरानी के लिए आगे भी औचक निरीक्षण जारी रहेंगे।
