रामगंजमंडी। रामगंजमंडी के पास नालोदिया गांव में एक मकान में करीब दो दिन से घुसे सांप को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू किया गया। सांप के घर में होने से परिवार के लोग लगातार परेशान थे और उसे बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम की मदद ली गई।
जानकारी के अनुसार नालोदिया गांव निवासी निर्भय रामजी धाकड़ के मकान में करीब दो दिन पहले सांप घुस गया था। परिवार ने उसे बाहर निकालने के लिए सांप रेस्क्यू करने वाले पवन वैष्णव को सूचना दी। मौके पर पहुंचे पवन वैष्णव ने काफी मशक्कत के बाद सांप को सुरक्षित पकड़ लिया।
पवन वैष्णव के अनुसार सांप करीब 10 फीट लंबा था। उन्होंने इसे स्थानीय तौर पर रेड स्नेक बताया। रेस्क्यू के बाद सांप को किसी तरह की क्षति पहुंचाए बिना सुरक्षित जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
बस्ती में सांप दिखे तो न मारें
इन दिनों रामगंजमंडी क्षेत्र के गांवों और शहर में लगातार सांप निकलने की घटनाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में लोगों से अपील की गई है कि आबादी क्षेत्र में सांप दिखाई देने पर उसे मारने का प्रयास न करें। सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू के लिए प्रशिक्षित रेस्क्यूकर्ता की मदद ली जाए, ताकि सांप और लोगों दोनों की सुरक्षा बनी रहे।
