नागरिक अभिव्यक्ति । रामगंजमंडी
रामगंजमंडी के उदपुरिया गांव में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसे में 8 वर्षीय बालक नक्ष पुत्र चंद्रप्रकाश मेघवाल की कुएं में डूबने से मौत हो गई। नक्ष गांव के सरकारी स्कूल परिसर में खेलने गया था। इसी दौरान स्कूल की बाउंड्री के भीतर स्थित बिना मुंडेर के कुएं में गिर गया। ग्रामीणों ने देर रात तलाश के बाद उसका शव कुएं से बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार नक्ष रविवार शाम करीब 4 बजे घर से खेलने के लिए स्कूल गया था। देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। स्कूल परिसर में तलाश के दौरान कुएं में बालक की चप्पल तैरती दिखाई दी। इसके बाद ग्रामीणों को सूचना दी गई। पुलिस भी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कुएं में तलाश शुरू की गई। देर रात नक्ष का शव बाहर निकाला जा सका। शव को सुकेत अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। सोमवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मेघवाल समाज अध्यक्ष आनंद गहलोत ने आरोप लगाया कि स्कूल की बाउंड्री के अंदर कुआं होने के बावजूद उसके चारों ओर न तो मुंडेर है और न ही जाली या अन्य सुरक्षा व्यवस्था। उनका कहना है कि यदि समय रहते कुएं को सुरक्षित किया जाता तो हादसा टाला जा सकता था। नक्ष चंद्रप्रकाश का बड़ा बेटा था। उसका करीब 4 साल का छोटा भाई है। हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
