सांगोद, 22 सितंबर।
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर बुधवार को अपराह्न 1 बजे पंचायत समिति परिसर, सांगोद में आयोजित समारोह में क्षेत्र को 49 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात देंगे। इस दौरान पंचायत समिति सांगोद की विभिन्न ग्राम पंचायतों में स्वीकृत एवं निर्मित विकास कार्यों का औपचारिक लोकार्पण एवं शिलान्यास ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर के मुख्य आतिथ्य में संपन्न होगा। समारोह में जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल अति विशिष्ट अतिथि होंगे। अध्यक्षता सांगोद पंचायत समिति के प्रधान जयवीर सिंह अमृतकुआं करेंगे तथा सांगोद पंचायत समिति के उपप्रधान ओम नागर अडूसा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
सांगोद देहात भाजपा मण्डल अध्यक्ष मुरारी मेहता ने बताया कि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर द्वारा ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर और सार्वजनिक सुविधाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से कुल 49 करोड़ 71 लाख 69 हजार रुपये की लागत के कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया जा रहा है। इसमें ग्राम पंचायत मद से 40 करोड़ 24 लाख 58 हजार रुपए, जिला परिषद मद से 3 करोड़ 89 लाख 62 हजार रुपए, अन्य मदों से 2 करोड़ 18 लाख 68 हजार रुपए, मनरेगा मद से 1 करोड़ 95 लाख 27 हजार रुपए तथा पंचायत समिति मद से 1 करोड़ 43 लाख 56 हजार रुपए की राशि विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं में खर्च की गई है।
इस दौरान सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा तैयार की गई अनेक महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा
परियोजनाओं का लोकार्पण भी ऊर्जा मंत्री के कर कमलों द्वारा होगा। इनमें मुख्य रूप से मोईखुर्द से डेरू माता जोलपा की ओर उजाड़ नदी पर 4.50 करोड़ रुपए की लागत से बनी पुलिया एवं सड़क, बपावरकलां में 2 करोड़ रुपए की लागत से बना अटल प्रगति पथ, लसेडिया से खड़िया की कुई तक 2.25 करोड़ रुपए की संपर्क सड़क तथा 1.40 करोड़ रुपए की खड़िया-उमरदा- अरनिया सड़क प्रमुख हैं।
