नागरिक अभिव्यक्ति @ कोटा
कोटा। सांगोद विधानसभा क्षेत्र में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने 56 करोड़ 39 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें सिंचाई, बिजली और ग्रामीण सड़कों से जुड़े काम शामिल हैं।
हरीश चन्द्र सागर परियोजना के तृतीय चरण में मुख्य नहर और माइनरों की पक्की लाइनिंग पर 21.77 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इस काम से 50 से अधिक गांवों के किसानों को नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का लक्ष्य है।
मंत्री ने चतरपुरा, राजगढ़, घाटोलिया और अमृतकुआं में करीब 15.6 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले चार नए 33 केवी जीएसएस की आधारशिला भी रखी। इसके अलावा हींगी से सहीपुर तक डामरीकरण सड़क और ग्रामीण क्षेत्रों में नई जीएसबी सड़कों के निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया गया।
जनसभा में नागर ने युवाओं और जनप्रतिनिधियों से पद की लालसा छोड़कर निष्काम भाव से जनसेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सांगोद में विकास की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाने का लक्ष्य है।
