कोटा/सांगोद। पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सांगोद के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने जयपुर स्थित राजकीय आवास पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर से मुलाकात की। इस दौरान सांगोद नगर के विकास कार्यों और आगामी वित्तीय वर्ष की प्राथमिकताओं पर चर्चा हुई।
मंत्री नागर ने पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और पार्षदों का अभिनंदन करते हुए जनसेवा, पारदर्शिता और सुशासन के साथ काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए और जनप्रतिनिधियों को लोगों से सीधे जुड़कर उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराना चाहिए।
बैठक में निर्माणाधीन विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को फोन पर निर्देश दिए कि कार्य गुणवत्ता के साथ तय समय में पूरे किए जाएं। आगामी वित्तीय वर्ष में कराए जाने वाले बुनियादी ढांचे के कार्यों की प्राथमिकताएं तय करने पर भी चर्चा हुई।
पेयजल, सड़क, प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता और ड्रेनेज सुविधाओं के विस्तार पर जोर दिया गया। नागर ने कहा कि सांगोद के विकास के लिए संसाधनों की कमी नहीं आने दी जाएगी। नगर के सौंदर्यीकरण और सुविधाओं के विकास के कार्य चरणबद्ध तरीके से कराए जाएंगे।
नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों ने सांगोद के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर काम करने की प्रतिबद्धता जताई और मंत्री का आभार व्यक्त किया।
