सांगोद (कोटा)। क्षेत्र में आधारभूत ढांचे, सिंचाई और विद्युत व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर 2 अक्टूबर को 56 करोड़ 39 लाख रुपए से अधिक की विकास योजनाओं का शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम लक्ष्मीपुरा स्थित कोटड़ी ग्राम सेवा सहकारी समिति परिसर में आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम के तहत हरिश्चंद्र सागर परियोजना के अंतर्गत 34.64 करोड़ रुपए की लागत से 19.55 किलोमीटर लंबी नहरों और माइनरों के जीर्णोद्धार कार्य का शिलान्यास प्रस्तावित है। इससे क्षेत्र की सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नहर तंत्र को दुरुस्त किया जाएगा।
चार नए 33 केवी जीएसएस का निर्माण
क्षेत्र में लो-वोल्टेज और विद्युत कटौती की समस्या को दूर करने के लिए चतरपुरा, राजगढ़, घाटोलिया और अमृतकुआं में चार नए 33 केवी ग्रिड सब-स्टेशन (जीएसएस) के निर्माण कार्य भी शामिल हैं।
इसके अलावा हींगी से सहीपुर तक करीब 2 करोड़ रुपए की लागत से डामरीकरण कार्य सहित सात प्रमुख ग्रामीण जीएसबी सड़कों के विकास कार्यों का भी शिलान्यास किया जाएगा।
इन परियोजनाओं के जरिए क्षेत्र में सिंचाई, विद्युत आपूर्ति और ग्रामीण सड़क कनेक्टिविटी से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की योजना है। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहेंगे।
