सांगोद। बीते 50 वर्षों में जितना कार्य नहीं हुआ उससे अधिक कार्य सांगोद विधानसभा में इस कार्यकाल में हो रहा है। शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सिंचाई, बुनियादी ढांचे के विकास समेत ऐसा कोई क्षेत्र नहीं जिसमें सांगोद किसी से पीछे हो। सांगोद के समग्र विकास का जो हमारा संकल्प है, इसे पूरा करने की दिशा में हम तेजी से कार्य कर रहे हैं। ग्रमीण अंचल के हमारे विद्यार्थी गांव में ही ऑनलाइन कोचिंग कर सकें और उन्हें बेहतर शिक्षा मिले, इसके लिए हम कोटा-बून्दी की हर पंचायत में डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण करेंगे। सोमवार को सांगोद नगर में प्रस्तावित विकास कार्यों के शिलान्यास और सामूहिक रक्षाबंधन कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने यह बात कही।
कार्यक्रम में स्पीकर बिरला व ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने 12 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण व शिलान्यास किया। इस दौरान सांगोद देहात से सैंकड़ों की तादाद में आईं बहनों ने लोकसभा अध्यक्ष और ऊर्जा मंत्री को राखी बांधी।
हर मां और उसके कोख से जन्म लेने वाला शिशु दोनों स्वस्थ रहे इस संकल्प के साथ हमने सुपोषित मां अभियान शुरू किया है। यह अभियान तब तक संचालित होगा जब तक कोटा-बून्दी का हर परिवार मां के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नहीं हरो जाता। बीते वर्ष से सांगोद में भी इस अभियान की शुरूआत हुई थी औऱ मुझे खुशी है कि अब तक हजारों बहनों को इस अभियान का लाभ मिल चुका है। हमारी बहनें मेहनत करती है, खेतों में काम करती है। हमारी बहनों की इसी कठिनाई को दूर करने के लिए आपके जनप्रतिनिधि हीरालाल नागर ने हर खेत तक रास्ता बनाने का संकल्प लिया है। हमारी मताओं-बहनों को दूर दराज पानी लेने जाने की समस्या का भी समाधान होगा औऱ हर घर तक नल पहुंचेगा।
बहनों का आशीर्वाद अमृत समान
बिरला ने कहा कि आप सभी बहनों का आशीर्वाद हमारे लिए अमृत के समान है। आपकी आँखों की चमक में विश्वास है, मुस्कान में उम्मीद है और आपके जीवन में बदलाव लाना हमारे जीवन का सबसे बड़ा उद्देश्य है। बहनें केवल रिश्तों की नहीं, जिम्मेदारियों की भी धुरी होती हैं। वे दो परिवारों की मर्यादा, सेवा और संस्कारों की वाहक होती हैं। बहनें संकट और अभावों के बीच भी पूरे परिवार के लिए ममता और करूणा की छाया बनकर खड़ी रहती हैं। हमारा उत्तरदायित्व बनता है कि बहनों के जीवन की कठिनाइयों को कम करें और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में ठोस कार्य करें।
सांगोद नम्बर 1 नगर पालिका बनेगी- नागर
ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि हमारी बहनों के आशीर्वाद से हम क्षेत्र के विकास के लिए कार्य कर रहे हैं। सांगोद को आधुनिक और विकसित नगर बनाने के लिए सभी क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से कार्य जारी है। सांगोद नगर पालिका को प्रदेश की सबसे विकसित पालिका बनाने का हमारा लक्ष्य है। उप जिला अस्पताल, महाविद्यालय, अंडर ग्राउन्ड विद्युत केबल, सीवरेज सहित अनेक कार्य हो रहे हैं। लोकसभा अध्यक्ष की प्रेरणा से हम हर माह 1500 गर्भवती बहनों को सुपोषित मां अभियान से जोड़कर उनके स्वास्थ्य की चिंता कर रहे हैं। आमजन की समस्याओं के समाधान और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए विशेष शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से अब तक 5,300 से अधिक लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया है। आने वाले समय में प्रत्येक पंचायत में ऐसे शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
नागर ने कहा कि कृषि मंडी में करीब 5.5 करोड़ रुपए की लागत से शेड का निर्माण, सांगोद-बपावर रोड पर करीब 12 करोड़ रुपये की लागत से डिवाइडर रोड सहित कई महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। सांगोद में युवाओं के लिए डिजिटल लाइब्रेरी का निर्माण करेंगे। हमने एक अनूठा प्रयास खेतों तक रास्ते बनाने का किया है, आने वाले 2 वर्षों में हर खेत तक रास्ता बनाएंगे।
जिलाध्यक्ष प्रेम गोचर ने कहा कि लाडली बहना कार्यक्रम केवल एक कार्यक्रम भर नहीं है, बल्कि लोकसभा अध्यक्ष और ऊर्जा मंत्री ने बहनों के साथ जो भाई-बहन का रिश्ता कायम किया है, वे उस रिश्ते को पूरी जिम्मेदारी के साथ निभा रहे हैं। सुपोषित मां अभियान हो, हर परिवार स्वस्थ अभियान के माध्यम से माताओं और बच्चों के स्वास्थ्य की चिंता हो, महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ना हो या पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना हो, इन सभी प्रयासों के माध्यम से उन्होंने अपनी बहनों की चिंता की है। कहीं भी कोई परेशानी आती है तो ‘आपका भाई आपके साथ खड़ा है’ यह विश्वास आज बहनों के मन में बना है।
इस दौरान जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, प्रधान जयवीर सिंह, प्रधान कृष्णा शर्मा, उप प्रधान ओम नागर अडूसा, जिला महामंत्री विशाल शर्मा, जिला मंत्री महेन्द्र शर्मा, कृष्ण कुमार गर्ग, चन्द्रप्रकाश सोनी सहित अन्य जिला पदाधिकारी, जिला एवं पंचायत समिति सदस्य व बड़ी संख्या में मातृशक्ति व स्थानीय गणमान्य मौजूद रहे।
