सांगोद (कोटा)। सांगोद नगर पालिका चुनाव में भाजपा ने 35 में से 20 वार्ड जीतकर स्पष्ट बहुमत हासिल कर लिया है। कांग्रेस 11 सीटों पर सिमट गई, जबकि चार निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की। परिणाम के बाद चारों निर्दलीयों ने भाजपा को समर्थन देने की घोषणा की, जिससे भाजपा के पक्ष में पार्षदों की संख्या बढ़कर 24 हो गई। अब नगर पालिका में भाजपा का बोर्ड बनना तय माना जा रहा है।
भाजपा की इस जीत के पीछे ऊर्जा मंत्री और सांगोद विधायक हीरालाल नागर की चुनावी रणनीति की चर्चा है। चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के बाद से ही नागर ने सांगोद में सक्रियता बढ़ा दी थी। उन्होंने प्रत्याशियों और कार्यकर्ताओं के साथ लगातार बैठकें कीं। वार्ड प्रभारियों की नियुक्ति, बूथ स्तर की तैयारियों और नाराज कार्यकर्ताओं को साथ लाने पर विशेष जोर दिया गया।
भाजपा ने चुनाव प्रचार में विकास कार्यों को प्रमुख मुद्दा बनाया। पार्टी ने नागर के कार्यकाल में पिछले ढाई साल के दौरान कराए गए सड़क, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों को जनता के सामने रखा। ऊर्जा क्षेत्र में हुए कामों को भी सांगोद के विकास से जोड़कर प्रचारित किया गया।
चुनाव प्रभारी विधायक ललित मीणा और ललित शर्मा के साथ मिलकर नागर ने बूथ से वार्ड स्तर तक रणनीति तैयार की। संगठन की नाराजगी को चुनावी नुकसान में बदलने से रोकने और कार्यकर्ताओं का मनोबल बनाए रखने पर भी फोकस रहा। परिणामों से भाजपा इस रणनीति को सफल मान रही है।
हालांकि अब पार्टी के सामने सबसे बड़ी चुनौती चुनावी वादों को धरातल पर उतारने की है। ऊर्जा मंत्री सांगोद को आदर्श नगर पालिका बनाने, पेयजल, सड़क, स्वच्छता और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने का भरोसा दे चुके हैं। अब जनता की नजर इस बात पर रहेगी कि भाजपा का यह जनादेश विकास के कामों में कितना बदलता है।
