कनवास, 27 सितंबर। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने शनिवार को आवां-कनवास मार्ग स्थित प्रसिद्ध दूधियाखेड़ी माताजी मंदिर परिसर में आयोजित समारोह में कनवास उपखंड क्षेत्र के लिए 86.40 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें बुनियादी ढांचे, सिंचाई, स्वास्थ्य, सड़क और पुलिया निर्माण से जुड़े कार्य शामिल हैं।
समारोह में कोटा जिला प्रमुख मुकेश मेघवाल, पंचायत समिति सांगोद के प्रधान जयवीर सिंह और उप प्रधान ओम नागर (अडूसा) सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, सरपंच, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
राजनीति को जनसेवा का माध्यम बताया
समारोह को संबोधित करते हुए ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने कहा कि राजनीति केवल पद प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है। उन्होंने जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं से जनसेवा की भावना और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनता की निस्वार्थ सेवा के संकल्प के साथ राजनीति में आने वाले कार्यकर्ताओं को पंचायत चुनाव में महत्व मिलेगा।
मंत्री ने ग्रामीण क्षेत्रों में खेतों तक पहुंच के रास्ते सुगम बनाने में योगदान देने वाले बालूहेड़ा, खजूरी, खजूरना, सावन भादों और झालरी पंचायतों के सरपंचों, ग्राम पंचायत सचिवों और कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए सार्वजनिक अभिनंदन भी किया।
'ट्रिपल इंजन सरकार' से विकास की गति बढ़ने का दावा
क्षेत्र के विकास की चर्चा करते हुए नागर ने कहा कि राजस्थान की डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में सांगोद क्षेत्र के विकास के लिए कई कार्य किए हैं। केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती मिली है।
उन्होंने कहा कि अब त्रिस्तरीय पंचासरकार' के माध्यम से विकास कार्यों को और गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए बजट की कमी नहीं आने दी जाएगी।
2.20 करोड़ के चार उप स्वास्थ्य केंद्रों का लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान ऊर्जा मंत्री ने 2.20 करोड़ रुपए की लागत से नवनिर्मित चार उप स्वास्थ्य केंद्र भवनों—मदारिया, काल्याकुई, मोरूखुर्द और ढोटी—का लोकार्पण किया। इसके साथ ही कृषि एवं सिंचाई क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ग्राम बास्याहेड़ी में 4.78 करोड़ रुपए की लागत से तैयार 'कांकरिया सौर ऊर्जा आधारित सूक्ष्म सिंचाई परियोजना' का भी लोकार्पण कर इसे किसानों को समर्पित किया।
16 सड़क-पुलिया कार्यों का लोकार्पण
सार्वजनिक निर्माण विभाग की ओर से 27.66 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण किए गए 16 सड़क एवं पुलिया कार्यों का भी लोकार्पण किया गया। इनमें अरू नदी पर निर्मित तीन प्रमुख पुलिया और कनवास में निर्मित अटल प्रगति पथ प्रमुख हैं।
इसके अलावा पंचायत समिति सांगोद की 18 ग्राम पंचायतों में विभिन्न मदों और मनरेगा के समन्वय से 42.51 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण किए गए बुनियादी विकास कार्यों का भी लोकार्पण हुआ।
9.25 करोड़ की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास
भविष्य में आवागमन को सुगम बनाने के उद्देश्य से सार्वजनिक निर्माण विभाग की 9.25 करोड़ रुपए की लागत वाली 12 नवीन सड़क एवं पुलिया परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया गया।
इन विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास से कनवास उपखंड क्षेत्र में सड़क संपर्क, सिंचाई, स्वास्थ्य सुविधाओं और ग्रामीण बुनियादी ढांचे से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की योजना है।
