सांगोद। खड़िया गांव में गोवर्धन पूजा की रात पटाखों से निकली चिंगारी ने भूसे के ढेर को आग के हवाले कर दिया। सोमवार रात करीब 8:45 बजे राधेश्याम नगर में रखे भूसे में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 7 बीघा भूसा जलकर राख हो गया।
आग की ऊंची लपटें देखकर गांव में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था। ऐसे में ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रैक्टरों के पीछे दवाई छिड़कने वाली टंकियां लगाईं और उनमें पानी भरकर तेज दबाव से आग बुझाने का प्रयास किया।
ग्रामीणों ने घंटों तक लगातार पानी डालकर आग को आसपास फैलने से रोकने की कोशिश की। बाद में दमकल वाहन भी मौके पर पहुंचा और आग बुझाने में मदद की। ग्रामीणों की सामूहिक मेहनत और दमकल की सहायता से आग पर काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक करीब 7 बीघा भूसा जलकर राख हो चुका था।
