सांगोद। राष्ट्रीय राजमार्ग-52 पर मवेशी आने से अचानक ब्रेक लगाने के कारण एक के बाद एक चार कारें आपस में भिड़ गईं। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मौके पर अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद तीन कारों के सवारों के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर समझाइश की, लेकिन बात नहीं बनी। इसके बाद तीनों कारों के चालक और सवार विवाद के समाधान के लिए कनवास थाने पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार NH-52 पर आगे चल रही कार के सामने अचानक मवेशी आ गया। चालक ने बचाव में अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे आ रही दूसरी कार ने भी ब्रेक लगाए, लेकिन उसके पीछे चल रही तीसरी कार टकरा गई। इसके बाद चौथी कार भी पीछे से भिड़ गई। देखते ही देखते चारों कारें आपस में टकरा गईं।
घटना की सूचना पर मोरुकला चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली। पुलिस ने वाहन चालकों के बीच आपसी समझाइश से मामला सुलझाने का प्रयास किया, लेकिन सहमति नहीं बन सकी। पहली कार का चालक मौके से रवाना हो गया, जबकि शेष तीन कारों के सवारों के बीच कहासुनी जारी रही। बाद में तीनों कारों के चालक और सवार आपसी विवाद के निपटारे के लिए कनवास थाने पहुंच गए।
